जिला परिषद व पंचायत समिति चुनावों में देरी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
हमीरपुर, 27 जून (हि.स.)। जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव शीघ्र करवाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन सौंपते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हो रही देरी पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राणा, हमीरपुर सदर विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक अनिल धीमान, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य तथा पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्ञापन सौंपने के पश्चात भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार राजनीतिक कारणों से जिला परिषद और पंचायत समितियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव जानबूझकर लंबित रख रही है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है। भाजपा ने मांग की कि बिना किसी और विलंब के चुनाव कार्यक्रम घोषित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पूर्ण किया जाए।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इससे पहले भी पंचायत चुनाव समय पर नहीं करवाए थे और अंततः न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव संपन्न कराने पड़े। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद अब जिला परिषद तथा पंचायत समितियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव भी राजनीतिक स्वार्थ के चलते टाले जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चुनाव तिथियों की घोषणा नहीं की गई तो भाजपा पूरे जिले में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का डटकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश के अन्य जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराए जा सकते हैं तो हमीरपुर को इससे वंचित रखने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक पराजय से घबराकर चुनाव प्रक्रिया को जानबूझकर प्रभावित कर रही है।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिले की छह पंचायत समितियों में से केवल भोरंज पंचायत समिति में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराया गया है, जबकि शेष पांच पंचायत समितियों में अब तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो सरकार इन चुनावों के लिए किसी विशेष मुहूर्त की प्रतीक्षा कर रही हो। उन्होंने कहा कि संविधान और कानून के अनुरूप समयबद्ध चुनाव करवाना सरकार का दायित्व है और भाजपा इसी दायित्व की याद दिलाने के लिए सड़कों पर उतरी है।
सुजानपुर नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव से जुड़े प्रश्न पर राजेंद्र राणा ने कहा कि उक्त चुनाव प्रक्रिया नियमों और अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप नहीं अपनाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां कानून में गुप्त मतदान का स्पष्ट प्रावधान है, वहां हाथ उठाकर मतदान कराया गया, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया की भावना के विपरीत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायालय के समक्ष सच्चाई अवश्य सामने आएगी और जिन अधिकारियों एवं संबंधित लोगों ने नियमों की अनदेखी की है, उन्हें उसके लिए जवाबदेह होना पड़ेगा।
उन्होंने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी तथा यदि जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनावों की घोषणा शीघ्र नहीं की गई तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

