home page

छात्रा हत्याकांड: राज्यपाल ने डीजीपी को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

 | 

शिमला, 13 अप्रैल (हि.स.)। मण्डी जिले के सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या के मामले को लेकर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने गहरा दुख व्यक्त किया है और पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी को दोषी के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

राज्यपाल ने इस घटना को जघन्य, अमानवीय और बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि एक सभ्य समाज में इस तरह की हिंसक घटनाएं बिल्कुल स्वीकार नहीं की जा सकतीं। उन्होंने डीजीपी से दूरभाष पर बात कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली और साफ कहा कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उसे जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाकर न्याय दिलाया जा सके।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सरकार और समाज दोनों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में सतर्कता और सख्ती बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

इसके साथ ही राज्यपाल ने पीड़ित छात्रा के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में उन्हें धैर्य और शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने समाज से भी अपील की कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सामूहिक रूप से जिम्मेदारी निभाई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा