home page

विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. राकेश कुमार शर्मा

 | 
विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. राकेश कुमार शर्मा


मंडी, 03 नवंबर (हि.स.)। इंटेक मंडी चैप्टर की राज्य स्तरीय विरासत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चार जिलों के विद्यार्थियों ने लिया भाग भारतीय सांस्कृतिक निधि इंटेक के मंडी चैप्टर द्वारा होटल राजमहल मंडी में राज्य स्तरीय विरासत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इंटेक मंडी चैप्टर के संयोजक नरेश मल्होत्रा ने स्वागत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालयी विद्यार्थियों में भारतीय इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण केवल अतीत की धरोहरों को सुरक्षित रखना नहीं है बल्कि अपनी सांस्कृतिक अस्मिता, ऐतिहासिक चेतना और सामूहिक स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने का दायित्व है। उन्होंने कहा कि इतिहास एवं विरासत का अध्ययन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और अपनी सभ्यता के प्रति गहरी समझ विकसित करता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी स्थानीय ऐतिहासिक धरोहरों, लोकपरम्पराओं एवं पारम्परिक ज्ञान-संपदा के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा इन्हें भावी पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में जिज्ञासा एवं ज्ञानार्जन की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

इंटेक मंडी चैप्टर के संयोजक नरेश मल्होत्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कांगड़ा, शिमला, मंडी एवं धर्मशाला चैप्टरों की जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेता चार दलों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन इंटेक नई दिल्ली के मुख्यालय की विरासत शिक्षा एवं संचार प्रभाग की टीम सदस्य अभिषेक व दीपांशु द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित राज्य स्तरीय दल दिसम्बर 2026 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय विरासत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा