अनुराग शर्मा को राज्यसभा भेजकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया आम कार्यकर्ताओं का सम्मान : केशव नायक
मंडी, 09 मार्च (हि.स.)। राज्य सहकारी बैंक के निदेशक केशव नायक ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता अनुराग शर्मा को राज्यसभा भेजे जाने के निर्णय की प्रदेशभर में सराहना हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस निर्णय को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह फैसला कांग्रेस की लोकतांत्रिक कार्यसंस्कृति और कार्यकर्ताओं के सम्मान की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी में जमीनी स्तर पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और अवसर मिलता है। केशव नायक ने कहा कि अनुराग शर्मा लंबे समय से संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहे हैं तथा उन्होंने हमेशा पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और संगठनात्मक क्षमता ने उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच विशेष पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू का यह निर्णय उन हजारों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है जो वर्षों से पार्टी की मजबूती के लिए मेहनत कर रहे हैं। केशव नायक ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितैषी शासन की नई मिसाल कायम हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाते हुए आम कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की जो पहल की है, उससे कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

