बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की जीवंत विरासत हैं : आचार्य ललित कुमार अवस्थी
मंडी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। इतिहास विभाग सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी द्वारा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर हमारे बुजुर्ग- हमारी विरासत विषय पर बल्ह वैली कल्याण सभा भंगरोटू स्थित वृद्ध आश्रम में विशेष संवाद एवं सेवा कार्यक्रम विकसित भारत @2047 के अंतर्गत आयोजित किया गया। शुभारंभ में सभी बजुर्गों का आत्मीय स्वागत एवं परिचय के उपरांत वरिष्ठ नागरिकों को फल एवं आवश्यक उपयोगी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थीयों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के जीवन-संस्मरणों एवं अनुभवों का संकलन व वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद कर उनके जीवन, संघर्ष, सामाजिक परिवेश, पारिवारिक मूल्यों तथा मंडी क्षेत्र से जुड़ी स्मृतियों को जानना रहा । कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर में स्वच्छता एवं सेवा गतिविधि भी आयोजित की गई ।
इस अवसर पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय मण्डी के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर इतिहास विभाग द्वारा आयोजित हमारे बुजुर्ग–हमारी विरासत कार्यक्रम की सराहनीय करते हुए कहा कि हमारे बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की जीवंत विरासत हैं। वे हमारी जिम्मेदारी, शक्ति और विरासत हैं। उनके जीवनानुभवों में हमारी संस्कृति, परम्पराओं, संघर्षों और जीवन-मूल्यों की अमूल्य स्मृतियां सुरक्षित हैं। उनके अनुभवों को सुनना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारे सामाजिक दायित्व के साथ-साथ इतिहास संरक्षण का भी महत्वपूर्ण कार्य है।
कुलपति प्रो.अवस्थी ने इस अवसर पर मण्डी की स्मृतियां–मौखिक इतिहास संवाद, विद्यार्थी-वरिष्ठ नागरिक संवाद तथा एक विद्यार्थी-एक बुजुर्ग अभियान का शुभारंभ किया ।
इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के जीवनानुभवों, ज्ञान, सामाजिक योगदान एवं जीवन-मूल्यों को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को उनके अनुभवों और विरासत से जोड़ना है। बुजुर्ग केवल परिवार के सदस्य नहीं बल्कि समाज की जीवंत स्मृति और अनुभवों के भंडार हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्ग-हमारी विरासत पहल के माध्यम से इतिहास विभाग नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभवों से जोड़ने और मौखिक इतिहास के संरक्षण की दिशा में प्रयास कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

