home page

एसपीयू की वार्षिक आम सभा के दाैरान खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय

 | 
एसपीयू की वार्षिक आम सभा के दाैरान खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय


मंडी, 03 सितंबर (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी में आयोजित वार्षिक सामान्य सभा के दूसरे दिन विश्वविद्यालय की खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित, व्यापक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में आगामी सत्र के अंतर-महाविद्यालयीय खेल कैलेंडर, खेल परिषद के नाम परिवर्तन, खेल सूचना एवं मार्गदर्शिका की स्वीकृति, ग्रांट इन एड तथा नई कार्यकारिणी परिषद के गठन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

वार्षिक आम सभा के समापन अवसर पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बैठक में लिए गए निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, संस्कृति, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास विद्यार्थियों को एक सक्षम एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए अधिक से अधिक मंच एवं अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की नई स्पोर्ट्स एंड को-करिकुलर एक्टिविटीज काउंसिल का गठन से खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी तथा विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

बैठक में लिए गए निर्णयों को सरदार पटेल विश्वविद्यालय में खेल, संस्कृति एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के विस्तार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें विभिन्न स्तरों पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए अधिक अवसर उपलब्ध करवाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में आगामी सत्र के लिए अंतर-महाविद्यालयीय खेल कैलेंडर को अंतिम रूप दिया गया। कैलेंडर में पुरुष एवं महिला वर्गों के लिए कुल 21 खेलों के 42 आयोजन निर्धारित किए गए हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सरदार पटेल विश्वविद्यालय खेल परिषद का नाम बदलकर सरदार पटेल विश्वविद्यालय खेल एवं को गतिविधि परिषद’ करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। परिषद के कार्यक्षेत्र में अब खेलों के साथ-साथ विद्यार्थियों की विभिन्न सह-पाठ्यक्रम एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी व्यापक रूप से शामिल किया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें खेल, संस्कृति, रचनात्मकता एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के अधिक अवसर उपलब्ध करवाना है।

इसके अतिरिक्त बैठक में सरदार पटेल विश्वविद्यालय खेल सूचना एवं मार्गदर्शिका को भी स्वीकृति प्रदान की गई। यह हैंडबुक विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों, प्रतियोगिताओं, नियमों, प्रक्रियाओं एवं संबंधित व्यवस्थाओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ दस्तावेज के रूप में उपयोग की जाएगी। इससे विश्वविद्यालय के संबद्ध महाविद्यालयों में खेल एवं युवा गतिविधियों के बेहतर संचालन तथा विद्यार्थियों की अधिक सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहन मिलेगा। बैठक में सरदार पटेल विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स एंड को-करिकुलर एक्टिविटीज काउंसिल की नई कार्यकारी परिषद् का भी गठन किया गया। परिषद में डॉ. सुजाता, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय सैंज को अध्यक्ष तथा लोकेश शर्मा, सहायक आचार्य, एमएलएसएम कॉलेज को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा