home page

सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में दीक्षारम्भ कार्यक्रम संपन्न,नवप्रवेशी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

 | 
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में दीक्षारम्भ कार्यक्रम संपन्न,नवप्रवेशी विद्यार्थियों को किया सम्मानित


मंडी, 31 जुलाई (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित दीक्षारम्भ कार्यक्रम का समापन समारोह विश्वविद्यालय के अमृत महोत्सव सभागार में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण आचार्य राजेश कुमार शर्मा ने की।

सर्वप्रथम सह-अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. राकेश कुमार शर्मा मंचासीन अतिथियों का परिचय एवं स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। समारोह में नवप्रवेशी विद्यार्थियों परल, अंजली व आकांक्षा ने दीक्षारम्भ कार्यक्रम के दौरान प्राप्त अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा नए वातावरण से जुड़ी अपनी सकारात्मक अनुभूतियां व्यक्त कीं। अधिष्ठाता छात्र कल्याण आचार्य राजेश कुमार शर्मा ने दीक्षारम्भ कार्यक्रम की संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, प्रेरणात्मक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, अनुसंधान, पुस्तकालय, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, छात्र सहायता सेवाओं तथा अनुशासन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया।

अपने संबोधन में कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का केंद्र नहीं है बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय के विद्यार्थी ज्ञान, चरित्र और सेवा की भावना को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने दीक्षारम्भ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों में इतिहास विभाग से पर्व शर्मा एवं रंजन कुमारी व रसायन विज्ञान विभाग से अंजलि एवं मृदुल शामिल रहे। द्वितीय स्थान पर भूमिका, चेतना, हर्षिता वर्मा, पायस्विनी, पूजा देवी, पूजन, पूर्णिमा, विनोद तथा योगेश रहे। वहीं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में आकांक्षा, अंजलि, आयुष, आयुष ठाकुर, कसक, मानस्वी, नेहा कुमारी, नितिका तथा वसुंधरा शामिल रहे। सभी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा