मंडी के नबाही माता मेले में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू, जूनियर वर्ग में हरि बैहना बना चैंपियन
मंडी, 14 जून (हि.स.)। मंडी जिले के प्रसिद्ध नबाही माता मेले के उपलक्ष्य पर नव दुर्गा जागरण क्लब नबाही द्वारा आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान सत्यप्रकाश गरला मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि उपप्रधान सतीश शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत कर विधिवत रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में क्षेत्र की कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया और खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों के बाद फाइनल मैच हरि बैहना और आरके इंटरनेशनल स्कूल की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक खिताबी मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए हरि बैहना की टीम ने आरके इंटरनेशनल स्कूल को हराकर जूनियर वर्ग की ट्रॉफी अपने नाम की।
नव दुर्गा जागरण क्लब के प्रधान कश्मीर चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन जूनियर वर्ग के मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न करवा लिए गए हैं। उन्होंने कहा प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन सोमवार को सीनियर वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। सीनियर वर्ग के फाइनल मैच के साथ ही इस दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत समापन भी किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

