एसपीयू मंडी की टीमें श्रीनगर में आयोजित अंतर-विश्वविद्यालय वुशु चैंपियनशिप के लिए रवाना
मंडी, 03 मई (हि.स.)। एसपीयू मंडी की महिला एव पुरूष वुशु टीम श्रीनगर में आयोजित अंतर-विश्वविद्यालय वुशु चैम्पियनशिप के लिए रवाना हुई। प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी, कुलपति, सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी ने पुरुष एवं महिला वुशु टीमों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं, जो 4 मई से 9 मई, 2026 तक कश्मीर विश्वविद्यालय , श्रीनगर में आयोजित होने वाली अंतर-विश्वविद्यालय वुशु चैम्पियनशिप में भाग लेने जा रही हैं।
कुलपति ने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी अपने समर्पण, अनुशासन और खेल भावना के बल पर विश्वविद्यालय की समृद्ध खेल परंपरा को बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने खिलाड़ियों को दृढ़ संकल्प के साथ खेलने और राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
प्रोफेसर रहेश कुमार शर्मा, निदेशक खेल निदेशालय ने बताया कि यह चैंपियनशिप शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए अंतर-विश्वविद्यालय स्तर की अंतिम प्रतियोगिता है।
उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय ने इस सत्र के दौरान अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर 37 विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी की है, जो छात्रों के समग्र विकास और खेलों के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। टीमों के साथ टीम मैनेजर डॉ निर्मल सिंह तथा इंजीनियर अमन चौहान रहेंगे, जो प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

