home page

निखिल ठाकुर को लगातार दूसरी बार मिला सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब, मंडी कॉलेज बना कबड्डी चैंपियन

 | 
निखिल ठाकुर को लगातार दूसरी बार मिला सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब, मंडी कॉलेज बना कबड्डी चैंपियन


मंडी, 07 नवंबर (हि.स.)। एसपीयू इंटर कॉलेज कबड्डी प्रतियोगिता में मंडी कॉलेज ने लगातार दूसरी बार शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। वहीं, पंडोह क्षेत्र के होनहार कबड्डी खिलाड़ी निखिल ठाकुर को लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट का हरफनमौला खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया है।

मंडी जिला के बलद्वाड़ा में आयोजित इंटर कॉलेज कबड्डी प्रतियोगिता में निखिल ठाकुर ने अपने शानदार खेल, बेहतरीन रेडिंग और दमदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। गत वर्ष मंडी में आयोजित इंटर कॉलेज कबड्डी प्रतियोगिता में भी निखिल ठाकुर को हरफनमौला खिलाड़ी के खिताब से सम्मानित किया गया था। मंडी जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम लाल ठाकुर और सचिव नेत्र सिंह ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने बताया कि निखिल ठाकुर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। निखिल ठाकुर खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा में कोच संजीव ठाकुर की देखरेख में प्रशिक्षण लेते हैं। मंडी कॉलेज से पंडोह क्षेत्र के पांच खिलाड़ी टीम में खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, अब मंडी कॉलेज को चैंपियन बनाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा