मंडी की बलजीत हिमाचल की जूनियर महिला हॉकी टीम में शामिल,पुणे में खेलेगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
| Aug 14, 2026, 18:56 IST
मंडी, 14 अगस्त (हि.स.)। मंडी की बलजीत कौर का चयन हिमाचल प्रदेश की जूनियर महिला हॉकी टीम के लिए हुआ है। जिला की यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी मंडी शहर के कालेज रोड़ की रहने वाली है और बेहद गरीब परिवार से संबंध रखती है। हॉकी कोच आशीष सेन ने बताया कि बलजीत कौर ने अपनी प्रतिभा व बेहतर प्रदर्शन के दम पर जूनियर महिला टीम में स्थान पाया है। यह प्रतियोगिता इन दिनों पुणे में चल रही है जो 23 अगस्त तक चलेगी। इसमें हिमाचल का पहला मुकाबला 16 अगस्त को छत्तीसगढ़ के साथ होगा। बलजीत के चयन पर यहां खुशी का माहौल है। छोटी उम्र में यह मुकाम हासिल करना गर्व की बात है तथा इसे भविष्य में बड़ी मंजिल तक जाने की संभावना के तौर पर देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

