एंटी चिट्टा जागरूकता क्रिकेट टूर्नामेंट में फ्रेंड्स इलेवन ने मारी बाजी
मंडी, 24 जून (हि.स.)। मंडी पुलिस द्वारा नशा मुक्त समाज के निर्माण एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा जागरूकता क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसके फाइनल मैच में फ्रेंड्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेशल कॉप्स मंडी को 43 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में फ्रेंड्स इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 7 विकेट के नुक्सान पर 140 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पेशल कॉप्स मंडी की टीम निर्धारित 15 ओवरों में 7 विकेट के नुक्सान पर 97 रन ही बना सकी। फ्रेंड्स इलेवन की ओर से शुभम सोनी बंटी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 45 रन बनाए। जबकि राहुल सेन हनी ने 17 गेंदों में महत्वपूर्ण 20 रनों का योगदान दिया। स्पेशल कॉप्स मंडी की ओर से निशांत ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 28 गेंदों में 31 रन बनाए।
गेंदबाजी में फ्रेंड्स इलेवन के राहुल सेन हनी ने 3 ओवरों में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। जबकि जतिन राजपूत ने भी 3 ओवरों में 19 रन देकर 2 विकेट चटकाए। स्पेशल कॉप्स मंडी की ओर से सुरेंद्र शर्मा ने 3 ओवरों में 20 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए। मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राहुल सेन हनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 20 रन बनाने के साथ-साथ 2 महत्वपूर्ण विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधीक्षक मंडी ने कहा कि एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं।
उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों, खिलाड़ियों, आयोजकों तथा दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिला मंडी पुलिस भविष्य में भी नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान जारी रखेगी तथा युवाओं को खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

