home page

राष्ट्रीय पैरा अल्पाइन स्कीइंग में मंडी का दबदबा: उमेश को स्वर्ण और अतुल को मिला रजत पदक

 | 
राष्ट्रीय पैरा अल्पाइन स्कीइंग में मंडी का दबदबा: उमेश को स्वर्ण और अतुल को मिला रजत पदक


मंडी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नारकंडा में आयोजित दूसरी राष्ट्रीय पैरा अल्पाइन स्कीइंग प्रतियोगिता में मंडी जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिला और प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है। युवा सेवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त इस प्रतिष्ठित आयोजन में हिमाचल प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के मार्गदर्शन में मंडी के दो जांबाज खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों के बीच शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार मंडी के उभरते खिलाड़ी उमेश कुमार ने अपनी श्रेणी कैटेगरी एलडब्ल्यू -9 में उत्कृष्ट तकनीक और अदम्य साहस का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। वहीं अतुल चौहान ने कैटेगरी एलडब्ल्यू -4 श्रेणी में अपनी स्टीक स्किल्स और अथक परिश्रम के दम पर रजत पदक जीतकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि आत्मविश्वास मजबूत हो और लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण हो, तो कोई भी शारीरिक चुनौती सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकती। इन खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मंडी जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की प्रधान हेमलता पठानिया, उप-प्रधान भारती राणा व मुरारी लाल पाठक, महासचिव लता देवी और कोषाध्यक्ष सारिका सोनी सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अत्यंत हर्ष व्यक्त किया है। सभी पदाधिकारियों ने दोनों विजेताओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इन खिलाड़ियों की जीत न केवल मंडी जिला बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

एसोसिएशन का मानना है कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य दिव्यांग युवाओं को भी खेलों की मुख्यधारा से जुड़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करेंगी, जिससे आने वाले समय में पैरा स्पोर्ट्स के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा