पीठासीन अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होंगे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया
शिमला, 09 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 11 मई साेमवार को कर्नाटक के मैसूर के लिए रवाना होंगे। वह लोकसभा अध्यक्ष द्वारा गठित पीठासीन अधिकारियों की उच्च स्तरीय समिति की बैठक में भाग लेंगे।
विधानसभा सचिवालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी इस बैठक में भाग लेने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के साथ मैसूर जाएंगे।
यह बैठक 11 से 14 मई तक मैसूर स्थित साइलेंट शोर रिजॉर्ट में आयोजित की जाएगी। बैठक में विधानसभा निकायों के कार्य संचालन एवं प्रक्रिया नियमों का एकसमान मॉडल विषय पर दो दिवसीय मंथन किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति डॉ. हरिवंश विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि कुलदीप सिंह पठानियां को लोकसभा द्वारा गठित पीठासीन अधिकारियों की यह दूसरी उच्च स्तरीय समिति में शामिल किया गया है, जिसे प्रदेश के लिए सम्मानजनक माना जा रहा है। समिति के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना हैं।
समिति में कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू. टी. खादर फरीद, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर तथा नागालैंड विधानसभा अध्यक्ष शेरिंगेन लोंगकुमेर सदस्य हैं।
---
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

