home page

नगर निगम सोलन में 17 मई को 34,147 मतदाता करेंगे मतदान, 36 मतदान केंद्र स्थापित

 | 

सोलन, 14 मई (हि.स.)। नगर निगम सोलन के लिए 17 मई को होने वाले शहरी निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि नगर निगम के 17 वार्डों में कुल 34,147 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 17,274 पुरुष, 16,872 महिला तथा एक अन्य मतदाता शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान के लिए नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक चलेगी। प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि वार्ड नंबर-2 रेलवे स्टेशन वार्ड में सर्वाधिक 2,999 मतदाता हैं, जबकि वार्ड नंबर-5 लोअर बाजार वार्ड में सबसे कम 1,221 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इसी प्रकार वार्ड नंबर-17 बसाल पति कथेड़ वार्ड में 2,912 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्रशासन ने प्रत्येक वार्ड में मतदाताओं की सुविधा के अनुसार मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। कई वार्डों में दो-दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि अधिक मतदाता संख्या वाले क्षेत्रों में तीन मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

मनमोहन शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। नगर निगम सोलन के कुल 36 मतदान केंद्रों में से छह को संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें वार्ड नंबर-4 चंबाघाट सलोगड़ा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोगड़ा, वार्ड नंबर-7 ठोडो मैदान का पुंज विला स्कूल, वार्ड नंबर-13 कलीन वार्ड के दोनों मतदान केंद्र तथा वार्ड नंबर-17 बसाल पति कथेड़ के दो मतदान केंद्र शामिल हैं।

उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा