2027 विधानसभा चुनावों में भाजपा जीतेगी 60 सीटें : बिंदल
सोलन, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोलन में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर महंगाई, बढ़ते कर्ज, वित्तीय कुप्रबंधन और विकास ठप करने को लेकर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल के इतिहास में कांग्रेस सरकार का चार वर्षों का कार्यकाल सबसे विफल कार्यकाल रहा है।
बिंदल ने कहा कि भाजपा संगठन का लगातार विस्तार कर रही है। प्रदेश में 25 प्रकोष्ठों का गठन किया गया है और सातों मोर्चों को मजबूत किया जा रहा है। लगभग 8 हजार मतदान केंद्रों पर 51 सदस्यीय टीमें तैयार की जा रही हैं। सोलन में आयोजित सहकारिता प्रकोष्ठ का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन इसी अभियान का हिस्सा है। कार्यकर्ताओं की यह मजबूत टीम आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड विजय का आधार बनेगी।
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राशन डिपुओं में आटा, चीनी, तेल और दालों के दाम बढ़ाकर तथा राशन की मात्रा घटाकर गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। डीजल, सीमेंट, बिजली, बस किराये और स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी से प्रत्येक वर्ग प्रभावित है। स्टांप ड्यूटी में कई श्रेणियों में 30 गुना तक वृद्धि कर सरकार ने आम आदमी के लिए शपथपत्र बनवाना तक महंगा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अब फिर चार हज़ार करोड़ रुपये का कर्ज लेने जा रही है। कांग्रेस सरकार द्वारा अपने कार्यकाल में लिया गया कर्ज 55 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है और विधानसभा चुनाव तक यह आंकड़ा 70 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2,035 संस्थान बंद किए गए, जबकि केवल 362 संस्थान खोले गए हैं।
बिंदल ने कहा कि अस्पतालों में दवाइयां, स्कूलों में शिक्षक और स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं, जबकि मुख्यमंत्री कार्यालय और सरकार की सुख-सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने धर्मशाला में पेंशनरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बुजुर्गों का उत्पीड़न प्रदेश की जनता सहन नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये देने का वादा किया था। चार वर्षों के हिसाब से प्रत्येक पात्र महिला के 72 हजार रुपये बनते हैं। पांच लाख युवाओं को रोजगार और एक लाख नियमित सरकारी नौकरियां देने की गारंटी भी अधूरी है। चुनावी वर्ष में नई घोषणाओं से जनता को बरगलाने का प्रयास सफल नहीं होगा।
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन और जनविरोधी निर्णयों से प्रदेश की जनता त्रस्त है। वर्ष 2027 में भाजपा 60 सीटों पर विजय प्राप्त करेगी तथा सोलन और सिरमौर जिलों की सभी 10 सीटों पर कमल खिलेगा। भाजपा सत्ता में आने पर सरकारी धन का उपयोग जनकल्याण और विकास के लिए करेगी। सरकार जनता की होनी चाहिए, मित्रों की नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

