home page

शिमला में 7,764 सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों ने अब तक नहीं करवाई ई-केवाईसी, एक माह का अंतिम मौका

 | 

शिमला, 31 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले 7,764 लाभार्थियों ने अब तक आधार आधारित ई-केवाईसी नहीं करवाई है। जिला कल्याण अधिकारी कपिल देव शर्मा ने ऐसे सभी लाभार्थियों से अगले एक माह के भीतर ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि निर्धारित समय के भीतर सत्यापन नहीं होने पर संबंधित व्यक्ति को अनुपलब्ध या सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए अपात्र माना जा सकता है।

जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत जुलाई 2025 में जिला कल्याण अधिकारी और तहसील कल्याण अधिकारियों के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से की गई थी।

उन्होंने कहा कि विभाग के लगातार प्रयासों के बाद अब तक शिमला जिले के 79,263 सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों की आधार आधारित ई-केवाईसी पूरी की जा चुकी है। इसके बावजूद 7,764 लाभार्थियों का सत्यापन अभी बाकी है। इसी कारण ये लोग पेंशन सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

कपिल देव शर्मा ने कहा कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है, वे अपने संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में जाकर अगले एक माह के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने इसे पेंशन लाभार्थियों के लिए अंतिम अवसर बताया है। उनका कहना है कि तय समय के बाद भी ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लोगों के बारे में यह माना जाएगा कि वे उपलब्ध नहीं हैं या फिर सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने की पात्रता पूरी नहीं करते।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारण से नहीं बना है या उसमें किसी तरह का सुधार या अपडेट कराना जरूरी है, तो वह जिला कल्याण अधिकारी, शिमला या अपने संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है। ई-केवाईसी से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए भी लाभार्थी जिला कल्याण अधिकारी या संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा