सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ पाने के लिए आधार सीडिंग करवाये लाभार्थी
नाहन, 04 नवंबर (हि.स.)।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों से अपने बैंक बचत खाते को आधार से सीडिंग करवाने की अपील की है। विभाग द्वारा राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन की राशि ऑनलाइन माध्यम से लाभार्थियों के आधार सीडेड बैंक बचत खातों में भेजी जा रही है। जिन पेंशनधारकों ने अभी तक अपने बैंक खाते को आधार से लिंक नहीं करवाया है, सभी पेंशनधारक शीध्रता से लिंक करवाना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें पेंशन प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
विभाग ने मुख्यमंत्री सहारा योजना के लाभार्थियों से भी अपील की है कि योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए प्रत्येक वर्ष अप्रैल और सितंबर माह में नवीनतम छःमाही जीवन प्रमाण पत्र, बीपीएल प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा चिकित्सा प्रमाण पत्र, जिसमें दीर्घकालीन उपचार का उल्लेख हो, सक्षम प्राधिकारी से सत्यापित करवाकर विभाग की वेबसाइट himparivar.hp.gov.in/ekalyan पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
अधिक जानकारी के लिए लाभार्थी अपने नजदीकी तहसील कल्याण अधिकारी या जिला कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

