सैनिकों पर टिप्पणी विवाद में इशिता पुंडीर ने मांगी माफी, शिकायत वापस
नाहन, 18 अप्रैल (हि.स.)। सोशल मीडिया पर भारतीय सैनिकों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े विवाद का सिरमौर जिला के राजगढ़ में शांतिपूर्ण समाधान हो गया है। विवादों में आई इशिता पुंडीर ने पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। इसके बाद संगठन ने भी इस मामले में संयम दिखाते हुए पुलिस में दर्ज शिकायत वापस लेने का फैसला किया है।
मामले के अनुसार कुछ समय पहले इशिता पुंडीर द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो को लेकर विवाद पैदा हो गया था। आरोप था कि वीडियो में भारतीय सैनिकों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिकों ने इसका विरोध किया और मामले को गंभीर मानते हुए पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ ने राजगढ़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।
विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर अपने परिजनों के साथ पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों से मिलने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने हाथ जोड़कर देश के सैनिकों और जनता से माफी मांगते हुए कहा कि यह उनसे अनजाने में हुई गलती थी और उन्हें इसका गहरा पछतावा है। उन्होंने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का भरोसा भी दिया और सोशल मीडिया पर संवेदनशील मुद्दों पर सावधानी बरतने की अपील की।
वहीं, पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ के प्रतिनिधियों ने कहा कि इशिता की गलती गंभीर जरूर है, लेकिन उनकी माफी और पश्चाताप को देखते हुए इसे नादानी मानते हुए माफ किया जा सकता है। संगठन ने बताया कि इसी आधार पर राजगढ़ पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई शिकायत वापस लेने का निर्णय लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

