home page

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सरकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं तथा विपणन का दिया प्रशिक्षण

 | 
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सरकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं तथा विपणन का दिया प्रशिक्षण


मंडी, 30 जुलाई (हि.स.)। जिला उद्योग केंद्र, मंडी द्वारा स्मार्ट एमएसएमई के अंतर्गत गुरुवार को सुंदरनगर में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें लगभग 50 उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों एमएसएमई को सरकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं तथा विपणन के नए अवसरों से जोड़ना था।

कार्यशाला में उद्योग विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल के माध्यम से सरकारी खरीद प्रक्रिया में भागीदारी, ऑनलाइन पंजीकरण, निविदा प्रक्रिया तथा डिजिटल विपणन की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही स्मार्ट एमएसएमई एवं एमएसएमई प्रदर्शन संवर्धन एवं तीव्रता कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, वित्तीय सहायता, क्षमता संवर्धन तथा व्यवसाय विस्तार से संबंधित प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल मंचों और सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग कर एमएसएमई इकाइयां अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ नए बाजारों तक पहुंच बना सकती हैं।

कार्यशाला में एल डी एम बैंक से चंद्र प्रकाश, राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) से लोकेश भाटिया, राजस्थान से आए संसाधन व्यक्ति रैम्प टीम के ओमकार डोरखंडे, स्मार्ट एमएसएमई के कोविद शर्मा, जेम पोर्टल के अविनाश शर्मा तथा जिला उद्योग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा