home page

सिरमौर की बेटी ने कुश्ती में जीता स्वर्ण पदक, नेशनल में करेंगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व

 | 

नाहन, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हमीरपुर में संपन्न हुई अंडर-19 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सिरमौर जिले के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार की दसवीं कक्षा की छात्रा अदिति ने अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस स्वर्णिम सफलता के साथ ही अदिति का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हो गया है।

इस उपलब्धि के बाद विद्यालय परिसर में पहुँचने पर अदिति, उनके पिता संदीप ठाकुर, माता नीरज ठाकुर, ताई जी एवं पूर्व एसएमसी अध्यक्ष पूनम ठाकुर तथा शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता व कोच मधु पुंडीर का स्कूल परिवार द्वारा फूल-मालाओं और आत्मीयता के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य सुरेन्द्र पुंडीर ने अदिति और उनके परिवार को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को स्कूल के लिए ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि अदिति का यह मुकाम अन्य छात्र-छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। इस दौरान उन्होंने शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता मधु पुंडीर और शारीरिक शिक्षक शशिपाल चौहान के समर्पित प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की।

उन्होंने बताया कि दोनों खेल शिक्षकों ने विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्रभावित किए बिना, रोजाना सुबह 8 बजे से पहले और शाम को 5 से 6 बजे तक अतिरिक्त समय देकर खिलाड़ियों को तराशने का काम किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर