home page

एसआईआर पर भ्रम फैला रहे कांग्रेस-वामपंथी दल :त्रिलोक कपूर

 | 
एसआईआर पर भ्रम फैला रहे कांग्रेस-वामपंथी दल :त्रिलोक कपूर


शिमला, 25 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस और वामपंथी दलों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने रविवार को एक बयान में कहा कि मतदाता सूची में केवल कानून के अनुसार पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए और किसी भी गैरकानूनी घुसपैठिए को मतदान का अधिकार नहीं मिलना चाहिए।

त्रिलोक कपूर ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने और देश में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर कांग्रेस और वामपंथी दलों की कथित भ्रम फैलाने की राजनीति सफल नहीं होगी।

कपूर ने दावा किया कि कांग्रेस और वामपंथी विचारधारा से जुड़े कुछ नेता रेजीम चेंज यानी सत्ता व्यवस्था में बदलाव की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी बयानबाजी से भारत में बांग्लादेश और श्रीलंका जैसी राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की सोच दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को असंवैधानिक दबाव के जरिए अस्थिर करने की कोशिश का भाजपा विरोध करेगी।

उन्होंने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन का संवैधानिक रास्ता जनता का जनादेश है। किसी भी राजनीतिक दल को लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाकर अराजकता का माहौल बनाने का अधिकार नहीं है।

एसआईआर का समर्थन करते हुए कपूर ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही होना जरूरी है। प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची में शामिल होना चाहिए और मृत, दूसरी जगह जा चुके, दोहरे पंजीकरण वाले या अन्य अपात्र व्यक्तियों के नामों की कानून के अनुसार जांच होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि ऐसी गड़बड़ियों को दूर करने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए।

कपूर ने यह भी कहा कि पुनरीक्षण के दौरान किसी पात्र नागरिक का मतदान अधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए। चुनाव आयोग को पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए संबंधित लोगों को उचित नोटिस और अपील का अवसर देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से अपनी आपत्तियां तथ्यों और संवैधानिक माध्यमों से रखने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा