home page

कांग्रेस अध्यक्ष की प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ: सिकंदर कुमार

 | 
कांग्रेस अध्यक्ष की प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ: सिकंदर कुमार


शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद व प्रदेश भाजपा महामंत्री प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इसे राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण बताया और कहा कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने गुरूवार को शिमला से जारी अपने बयान में कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना न केवल उनके पद की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि यह देश की जनता का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय नेता हैं और उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग उचित नहीं ठहराया जा सकता। उनके मुताबिक, कांग्रेस पार्टी बार-बार व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए राजनीतिक बहस को भटकाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा पहले भी इस तरह की टिप्पणियां की जाती रही हैं। उन्होंने कहा कि साल 2007 में सोनिया गांधी द्वारा “मौत का सौदागर” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था, जबकि 2017 में मणिशंकर अय्यर ने “नीच आदमी” जैसी टिप्पणी की थी। इसके अलावा राहुल गांधी द्वारा “कमांडर-इन-थीफ” और प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं द्वारा भी विभिन्न मौकों पर विवादित बयान दिए जाने का जिक्र उन्होंने किया।

सिकंदर कुमार ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से राजनीतिक संवाद का स्तर गिरता है और इससे जनता के बीच गलत संदेश जाता है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उनके अनुसार, लोकतंत्र में असहमति और आलोचना जरूरी है, लेकिन उसकी भाषा मर्यादित और गरिमापूर्ण होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि इस समय कई राज्यों में चुनाव हो रहे हैं और ऐसे में राजनीतिक दलों को मुद्दों पर बात करनी चाहिए। उनके मुताबिक जनता इस तरह की टिप्पणियों को गंभीरता से देखती है और चुनाव में इसका जवाब भी देती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा