home page

भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और लोकतंत्र की हत्या पर टिकी है सुक्खू सरकार : डॉ. सिकंदर कुमार

 | 
भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और लोकतंत्र की हत्या पर टिकी है सुक्खू सरकार : डॉ. सिकंदर कुमार


शिमला, 01 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक दुरुपयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है और प्रदेश में शासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बुधवार को भाजपा के जिला महासू प्रशिक्षण महाभियान के समापन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हाल ही में सामने आए प्रूनिंग कैंची खरीद मामले ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले लगभग 4,300 रुपये की बोली को निरस्त किया गया और बाद में उसी सामग्री की खरीद करीब 5,800 रुपये प्रति कैंची की दर से मंजूर की गई। उनके अनुसार यह सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

डॉ. सिकंदर कुमार ने धर्मशाला नगर निगम में अवैध कब्जों से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ऐसे मामलों में दोहरा रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है तो कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा पारदर्शी जांच का समर्थन करती है, लेकिन सरकार प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए कर रही है।

उन्होंने स्थानीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका आरोप था कि जहां कांग्रेस के पास बहुमत है, वहां चुनाव प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है, जबकि जिन निकायों में भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों का बहुमत है, वहां नियमों में बदलाव और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के जरिए चुनावों में देरी की जा रही है। उन्होंने इसे जनादेश और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी और कर्मचारी राजनीतिक दबाव में काम करने को मजबूर हैं। उनके अनुसार सरकार विपक्षी जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाने और संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान, निष्पक्ष प्रशासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

डॉ. सिकंदर कुमार ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार विकास के मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि किसान, बागवान, युवा, कर्मचारी, महिलाएं और व्यापारी सरकार की नीतियों से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है और सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक गतिविधियों में अधिक व्यस्त है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार की नीतियों और कथित भ्रष्टाचार के मामलों को जनता के सामने रखने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा