श्रावण महोत्सव: ओमनमों शिवाय के मंत्रों की गूंज से गुंजायमान रहेगी शिवभूमि मंडी
मंडी, 16 जुलाई (हि.स.)। ब्यास नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक एकादश रुद्र महादेव मंदिर में 47वें श्रावण मास महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। यह महोत्सव 15 अगस्त तक चलेगा। करीब एक माह तक चलने वाले श्रावण महोत्सव के दौरान ब्यास की लहरों के संग वातावरण ओम-नमों-शिवाय की ध्वनियां गूंजायमान रहेगी। शुभारंभ के अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर 'ॐ नमः शिवाय' के अखंड जाप की शुरुआत की। अब पूरे एक माह तक मंदिर परिसर दिन-रात शिव नाम से गुंजायमान रहेगा।
एकादश रुद्र महादेव मंदिर की विशेष पहचान यह है कि यह भारतवर्ष का दूसरा ऐसा मंदिर माना जाता है, जहां एक साथ 11 शिवलिंग विराजमान हैं। यही कारण है कि श्रावण मास में यहां हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर के महंत एवं पुजारी स्वामी सत सुंदरम, जो पिछले 47 वर्षों से मंदिर की सेवा में समर्पित हैं, बताते हैं कि जब उन्होंने यहां सेवा शुरू की थी, तब मंदिर की स्थिति काफी दयनीय थी। श्रद्धालुओं के सहयोग, अथक प्रयासों और भगवान शिव की कृपा से आज यह मंदिर छोटी काशी की प्रमुख धार्मिक पहचान बन चुका है।
उन्होंने बताया कि लगभग 47 वर्ष पहले शुरू हुई अखंड 'ॐ नमः शिवाय' जाप की परंपरा आज भी निरंतर जारी है। पूरे श्रावण मास में 24 घंटे, 24 श्रद्धालु अपनी निर्धारित समयावधि में एक-एक घंटे तक शिव नाम का जाप करेंगे, जिससे एक पल के लिए भी जाप नहीं रुकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

