श्रावण माह में मंडी जिला के विभिन्न स्थानों पर होगा दिव्य रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन
मंडी, 03 अगस्त (हि.स.)। पवित्र श्रावण माह के शुभ अवसर पर मंडी जिला के विभिन्न स्थानों पर दिव्य रूद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया जाएगा। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा भगवान शिव की आराधना, विश्व शांति, जनकल्याण तथा समस्त मानवता के सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ वैदिक मंत्रोच्चार द्वारा भव्य एवं दिव्य रुद्रपूजा रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।
आर्ट ऑफ लिविंग की जिला मीडिया समन्वयक माया वर्धान ने बताया कि विश्व शांति, जनकल्याण तथा सुख-समृद्धि की मंगलकामना के साथ यह वैदिक अनुष्ठान 5 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक जिले के छह विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 5 अगस्त को प्रातः मोतीपुर से होगा। इसी दिन सायं 5:00 बजे आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर, नरूला हॉल, समखेतर बाजार, मंडी में रुद्र पूजा आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात 6 अगस्त की शाम सौलीखड़ सेंटर, 7 अगस्त को नेरचौक तथा 8 अगस्त को सुंदरनगर में रुद्र पूजा का आयोजन होगा। शेष कार्यक्रम निर्धारित तिथियों के अनुसार अन्य केंद्रों में संपन्न किए जाएंगे। रुद्राभिषेक केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति एवं भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का दिव्य माध्यम है। इस पावन आयोजन के माध्यम से श्रद्धालु अपने परिवार, समाज और समस्त विश्व के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की सामूहिक प्रार्थना करेंगे।
संस्था ने मंडी जिला के सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित इस दिव्य वैदिक अनुष्ठान में सहभागी बनें और श्रावण मास की पावन बेला में भगवान शिव की असीम कृपा के भागी बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

