शिमला ग्रीष्मोत्सव में होगा ‘डॉग शो’ का आयोजन, विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
शिमला, 31 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के दौरान इस बार पालतू कुत्तों के लिए विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पशुपालन विभाग की ओर से 10 जून को शिमला में “माय चैंपियन-डॉग शो” आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न नस्लों और आकार के पालतू कुत्ते अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला प्रशासन का कहना है कि यह आयोजन ग्रीष्मोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।
जिलाधीश शिमला अनुपम कश्यप ने रविवार को बताया कि डॉग शो का आयोजन 10 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य पालतू पशुओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जिम्मेदार पशुपालन को प्रोत्साहित करना और पशु प्रेमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
प्रतियोगिता को रोचक और व्यवस्थित बनाने के लिए कुत्तों को उनके आकार के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा। इनमें छोटे, मध्यम और बड़े आकार के कुत्ते शामिल होंगे। प्रत्येक श्रेणी में प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया जाएगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुत्तों एवं उनके मालिकों को सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन की एक विशेष आकर्षण पुलिस डॉग स्क्वॉड की भागीदारी भी होगी। पुलिस के प्रशिक्षित कुत्ते अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। पुलिस डॉग्स को भी स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
डॉग शो के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। “चैंपियन ऑफ द शो” को 21 हजार रुपये नकद, स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं प्रत्येक श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 5 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार के साथ स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होते, पशु कल्याण, जिम्मेदार पशुपालन और पशुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में पशु प्रेमी इस आयोजन में भाग लेंगे और इसे सफल बनाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

