शिमला में दुकानों से मिलीं 25 किलो खराब मिठाइयां, मौके पर नष्ट करवाईं
शिमला, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने शिमला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को विभागीय टीम ने ढली और मशोबरा में मिठाइयों की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 25 किलो खराब मिठाइयां मिलीं, जिन्हें विभाग की टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खराब मिठाइयों की बिक्री रोकना और लोगों को इनके सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान से बचाना है।
खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की सह आयुक्त डॉ. विजया के नेतृत्व में टीम ने दोनों क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। इस दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता परखी गई और खराब पाई गई मिठाइयों को बिक्री से हटवाकर नष्ट करवाया गया। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखना जरूरी हो जाता है। इस दौरान खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री से लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है।
विभाग की ओर से पिछले एक सप्ताह से मिठाइयों के साथ फलों और विभिन्न ढाबों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि जहां भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिलती है, वहां निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
दीपावली के दौरान मिठाइयों की खपत बढ़ने के मद्देनजर विभाग बाजारों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर नजर रख रहा है। निरीक्षण अभियान के माध्यम से खराब मिठाइयों और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग ने त्योहारी सीजन में दुकानों की जांच जारी रखी है, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

