home page

ई-टैक्सी के लिए दो आवेदकों को 50 प्रतिशत सब्सिडी की मंजूरी

 | 
ई-टैक्सी के लिए दो आवेदकों को 50 प्रतिशत सब्सिडी की मंजूरी


शिमला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना-2023 के तहत शिमला जिला में दो और आवेदकों को ई-टैक्सी खरीदने के लिए एक्स-शोरूम कीमत पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान करने की मंजूरी दी गई है। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में दोनों मामलों को अनुमोदित किया गया।

बैठक में संदीप कुमार पुत्र मान सिंह को 7,49,950 रुपये तथा ईश्वर दास पुत्र ठाकुर दास को 7,17,000 रुपये की सब्सिडी प्रदान करने के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने दोनों आवेदनों से संबंधित दस्तावेजों, निर्धारित पात्रता और योजना के तहत अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की समीक्षा के बाद इन्हें मंजूरी प्रदान की।

जिला में राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत अब तक 11 आवेदकों ने पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया है। इनमें से पांच आवेदनों को जिला स्तरीय समिति पहले ही मंजूरी दे चुकी है। इनमें दो आवेदनों को 28 जून, 2025 और तीन आवेदनों को 17 जुलाई, 2025 को अनुमोदन प्रदान किया गया था।

सात लाभार्थियों को मिल चुका योजना का लाभ

बैठक में बताया गया कि शिमला जिला में अब तक 7 लाभार्थी राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इन लाभार्थियों को कुल 60 लाख 94 हजार 295 रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि योजना के सकारात्मक प्रभाव के चलते वर्तमान में शिमला जिला में इसके तहत 20 ई-टैक्सियां संचालित हो रही हैं। इससे युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को भी बढ़ावा मिल रहा है।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा करने और पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला