इजराइल-जा रहे विमान में असाधारण बहादुरी के लिए भारतीय पायलट को राष्ट्रीय सम्मान मिले : शांता कुमार
शिमला, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा है कि दुबई से तेल अवीव जा रहे एक विमान में भारतीय पायलट द्वारा दिखाई गई बहादुरी असाधारण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट स्मित मछार को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाए और कम से कम एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाए।
शांता कुमार ने वीरवार काे एक बयान में कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार विमान के पायलट और को-पायलट के बीच हुई घटना के दौरान को-पायलट ने कथित रूप से भारतीय पायलट पर चाकू से हमला किया। हमले के बाद विमान कुछ नीचे गया, लेकिन पायलट स्मित मछार ने स्वयं को संभालते हुए विमान पर नियंत्रण बनाए रखा। बाद में विमान में मौजूद कुछ अन्य लोगों की मदद से को-पायलट को काबू कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसी विषम परिस्थिति में पायलट द्वारा धैर्य और साहस बनाए रखते हुए विमान को सुरक्षित संभालना अत्यंत महत्वपूर्ण था। विमान में 174 यात्री सवार थे और पायलट की सूझबूझ एवं साहस के कारण एक बड़ी दुर्घटना टलने में मदद मिली।
शांता कुमार ने कहा कि यह घटना भारतीय पायलट के असाधारण साहस का उदाहरण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि श्री स्मित मछार को सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर देश की ओर से उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इतने लोगों की जान बचाने के प्रयास को देश के सर्वोच्च स्तर पर पहचान मिलनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

