राम मंदिर निर्माण के संकल्प से जुड़ी पट्टिका 19 अक्टूबर को रोटरी भवन में लगेगी : शांता कुमार
पालमपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि 19 अक्टूबर को पालमपुर के रोटरी भवन में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के ऐतिहासिक निर्णय से संबंधित संकल्प पट्टिका स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के निर्णय से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृति के कारण रोटरी भवन का यह कमरा भी इतिहास में अमर हो जाएगा।
शांता कुमार ने शुक्रवार को कहा कि लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का सपना साकार हुआ है। इस ऐतिहासिक घटनाक्रम से जुड़े निर्णय की स्मृति को पालमपुर में संजोकर रखना गौरव की बात है।
उन्होंने बताया कि इसी दिन पालमपुर के महान समाजसेवी एवं रोटरी संस्था के संस्थापक डॉ. शिव कुमार की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। डॉ. शिव कुमार ने मरांडा स्थित रोटरी आई हॉस्पिटल सहित कई सेवा संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से पालमपुर में समाजसेवा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई और अनेक जनकल्याणकारी संस्थाएं अस्तित्व में आईं।
शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए यह गर्व का विषय है कि हाल ही में मरांडा स्थित रोटरी आई हॉस्पिटल को उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ अस्पताल घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि पालमपुर में रोटरी संस्था के माध्यम से संचालित विभिन्न सेवा कार्यों का श्रेय डॉ. शिव कुमार की दूरदर्शिता और समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण को जाता है।
उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि 19 अक्टूबर को पालमपुर पहली बार डॉ. शिव कुमार की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि देगा। शांता कुमार ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह सामाजिक कार्यक्रम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन हिमाचल प्रदेश के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

