home page

सभी दवाइयों की कीमतें भी लागत मूल्य के आधार पर दोबारा निर्धारित करे केंद्र सरकार : शांता कुमार

 | 
सभी दवाइयों की कीमतें भी लागत मूल्य के आधार पर दोबारा निर्धारित करे केंद्र सरकार : शांता कुमार


शिमला, 14 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने केंद्र सरकार द्वारा कैंसर की लगभग 137 दवाइयों की कीमतें कम करने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम बेहद सराहनीय है। इससे कैंसर मरीजों को प्रतिवर्ष लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की बचत होगी। इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए उन्होंने केंद्र सरकार को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।

शांता कुमार ने शनिवार को एक बयान में कहा कि इस फैसले के लिए केंद्र सरकार को बधाई देने के साथ ही वह सरकार से यह सवाल भी पूछना चाहते हैं कि आखिर मरीजों से प्रतिवर्ष तीन हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली क्यों हो रही थी और इस भारी आर्थिक बोझ के लिए कौन जिम्मेदार है?

उन्होंने कहा कि जब वह राज्यसभा के सदस्य थे, तब उन्हें वाणिज्य संबंधी स्थायी समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। इस समिति ने दवाइयों की कीमतों को लेकर पूरे एक वर्ष तक गहन अध्ययन किया था। समिति ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट कहा था कि दवाइयों की अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) के नाम पर मरीजों से बहुत बड़ी लूट हो रही है।

उन्होंने बताया कि समिति ने सुझाव दिया था कि सरकार दवाइयों की कीमतें उनकी लागत पर 20 प्रतिशत लाभ जोड़कर निर्धारित करे। इसके अलावा यह भी सिफारिश की गई थी कि सरकार ऐसा आदेश जारी करे, जिससे प्रत्येक डॉक्टर मरीज की पर्ची पर केवल जेनेरिक दवाइयां ही लिखे।

शांता कुमार ने कहा कि ब्रांडेड और जेनेरिक दवाइयों की गुणवत्ता समान होती है, लेकिन दोनों की कीमतों में जमीन-आसमान का अंतर होता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कैंसर की दवाइयों की कीमतें कम करके सराहनीय पहल की है, लेकिन अन्य सभी दवाइयों में भी एमआरपी के नाम पर इसी प्रकार की महंगी कीमतों का बोझ मरीजों पर पड़ रहा है।

शांता कुमार ने केंद्र सरकार से मांग की कि केवल कैंसर की दवाइयों तक ही यह राहत सीमित न रखी जाए, बल्कि सभी प्रकार की दवाइयों की कीमतें भी लागत मूल्य के आधार पर दोबारा निर्धारित की जाएं, ताकि आम मरीजों को महंगी दवाइयों से राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला