home page

साक्षरता में दूसरे स्थान पर हिमाचल का गौरव, अब 100 प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य : शांता कुमार

 | 
साक्षरता में दूसरे स्थान पर हिमाचल का गौरव, अब 100 प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य : शांता कुमार


शिमला, 18 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि साक्षरता के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश का पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल करना प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश की सरकार और जनता को बधाई दी।

शांता कुमार ने शुक्रवार काे एक बयान में कहा कि देश में साक्षरता दर 99.5 प्रतिशत हो गई है, जबकि गोवा 99.7 प्रतिशत साक्षरता के साथ प्रथम स्थान पर है। हिमाचल प्रदेश को साक्षरता के क्षेत्र में देश में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित किया गया है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाला पहाड़ी और सीमांत प्रदेश है। प्रदेश के कई दुर्गम क्षेत्रों में आज भी सड़क सुविधा उपलब्ध नहीं है और लोगों को पैदल आवागमन करना पड़ता है। इसके अलावा प्रदेश की सीमाएं चीन से लगती हैं तथा लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे कठिन एवं सीमांत क्षेत्र भी हिमाचल का हिस्सा हैं।

शांता कुमार ने कहा कि इन तमाम भौगोलिक एवं कठिन परिस्थितियों के बावजूद हिमाचल प्रदेश ने साक्षरता के क्षेत्र में देश के अधिकांश राज्यों को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गर्व की उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश सरकार को लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए कि प्रदेश शीघ्र ही 100 प्रतिशत साक्षरता हासिल करे। उन्होंने उम्मीद जताई कि हिमाचल प्रदेश भविष्य में गोवा को पीछे छोड़कर देश में साक्षरता के मामले में प्रथम स्थान प्राप्त करने का गौरव हासिल करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला