home page

महिलाओं के आरक्षण का स्वागत, लेकिन सांसदों-विधायकों की संख्या बढ़ाने का विरोध : शांता कुमार

 | 
महिलाओं के आरक्षण का स्वागत, लेकिन सांसदों-विधायकों की संख्या बढ़ाने का विरोध : शांता कुमार


शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के निर्णय का स्वागत करते हुए सांसदों और विधायकों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि करने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय है, लेकिन इसके लिए संसद और विधानसभाओं की वर्तमान सीटों की संख्या बढ़ाने की कोई आवश्यकता नहीं थी।

शांता कुमार ने शनिवार काे एक बयान में कहा कि भारत अपने लोकतांत्रिक ढांचे में एक बड़ा परिवर्तन कर रहा है और इसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। उन्होंने महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के निर्णय पर देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जहां भी महिलाओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियां दी गई हैं, वहां उन्होंने पुरुषों के मुकाबले बेहतर काम किया है। इस दृष्टि से महिला आरक्षण का निर्णय ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही संसद और विधानसभाओं के सदस्यों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि करने का निर्णय भी लिया गया है। वर्तमान लोकसभा में 543 सदस्यों के स्थान पर 850 सदस्य हो जाएंगे, जबकि देश की सभी विधानसभाओं में विधायकों की संख्या भी 50 प्रतिशत बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में देश में 4131 विधायक हैं, जिनकी संख्या बढ़कर लगभग 6000 हो जाएगी।

शांता कुमार ने कहा कि सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय अनावश्यक ही नहीं, बल्कि गलत भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए लोकसभा और विधानसभा की वर्तमान सीटों में वृद्धि करने की कोई आवश्यकता नहीं थी। वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को आरक्षण दिया जाता तो यह सर्वोत्तम निर्णय होता।

उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और अन्य कारणों से देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और जनसंख्या वृद्धि गरीबी तथा बेरोजगारी को भी बढ़ावा दे रही है। इन परिस्थितियों में युवाओं में निराशा और हताशा बढ़ रही है, जिसके कारण देश में आत्महत्याओं की संख्या में भी वृद्धि हो रही है।

शांता कुमार ने कहा कि संसद में 850 सांसदों और देश की सभी विधानसभाओं में बढ़ी हुई संख्या में विधायकों के बैठने की व्यवस्था करने के लिए नए भवन बनाने अथवा वर्तमान भवनों का विस्तार करने की आवश्यकता पड़ेगी। इस पर करोड़ों-अरबों रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के लिए इस अतिरिक्त खर्च की कोई आवश्यकता नहीं थी और न ही इसकी किसी ने मांग की थी।

उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त खर्च से देश की आर्थिक स्थिति और अधिक चिंताजनक हो सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय क्यों लिया। उन्हें इस निर्णय में देशहित नजर नहीं आता।

शांता कुमार ने कहा कि बेहतर होता कि संसद और विधानसभाओं की सीटें यथावत रखी जातीं और उन्हीं सीटों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाता।

उन्होंने कहा, “मुझे दुख है कि मुझे अपनी ही पार्टी का विरोध करना पड़ रहा है, लेकिन सामने देश पहले है, पार्टी बाद में।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला