पूर्व विधायक रामचंद भाटिया जल्द स्वस्थ हों : शांता कुमार
पालमपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने नगरोटा बगवां के पूर्व विधायक रामचंद भाटिया के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
शांता कुमार ने शिनवार काे एक बयान में कहा कि रामचंद भाटिया भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और उन्होंने आदर्श विधायक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि भाटिया की बीमारी का समाचार पढ़कर उन्हें चिंता हुई और वे भगवान से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सकों से भी आग्रह किया कि रामचंद भाटिया के उपचार और देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।
शांता कुमार ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वे रामचंद भाटिया को आंकड़ों का जादूगर कहा करते थे। उन्होंने कहा कि भाटिया अपने भाषणों में सटीक और तथ्यपूर्ण आंकड़ों के माध्यम से अपनी बात प्रभावशाली ढंग से रखते थे। सदन में जब भी किसी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा होती थी, वे उन्हें बुलाकर विस्तृत विचार-विमर्श करते थे।
उन्होंने कहा कि विधायक के रूप में रामचंद भाटिया ने अपने दायित्वों का अत्यंत उत्कृष्ट ढंग से निर्वहन किया। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि वे शीघ्र स्वस्थ होकर अपने परिवार और शुभचिंतकों के बीच लौटेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

