home page

बोह आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए शांता कुमार ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए एक लाख रुपये

 | 
बोह आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए शांता कुमार ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए एक लाख रुपये


शिमला, 25 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बोह गांव में भारी वर्षा के कारण आई भीषण आपदा पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर बह गए और जिनका सब कुछ नष्ट हो गया है, उनकी पीड़ा और दुर्दशा का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

शांता कुमार ने शाहपुर के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया की सराहना करते हुए कहा कि वे दिन-रात प्रभावित लोगों की सेवा और राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा की भी प्रशंसा की और कहा कि वे स्वयं प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता कर रहे हैं।

आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के उद्देश्य से शांता कुमार ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख रुपये का चेक भेजा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि यह राशि विशेष रूप से शाहपुर के बोह क्षेत्र के प्रभावित परिवारों की राहत एवं पुनर्वास पर ही खर्च की जाए।

उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा का भयावह स्वरूप देखकर मन अत्यंत व्यथित है। शांता कुमार ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस कठिन समय में प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर मुख्यमंत्री राहत कोष में उदारतापूर्वक योगदान देना चाहिए, ताकि आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत और सहायता मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला