home page

112 वर्षों बाद शाहपुर को मिला नया रेंज ऑफिस भवन, उपमुख्य सचेतक ने किया उद्घाटन

 | 
112 वर्षों बाद शाहपुर को मिला नया रेंज ऑफिस भवन, उपमुख्य सचेतक ने किया उद्घाटन


धर्मशाला, 13 मार्च (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को शाहपुर में लगभग 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित वन परिक्षेत्र अधिकारी शाहपुर (रेंज ऑफिस) के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वन प्रबंधन तथा वन क्षेत्र विस्तार में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वित्त वर्ष 2025-26 से राजीव गांधी वन संवर्धन योजना आरंभ की है, जिस पर 100 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों, युवक मंडलों तथा ग्रामीण वन प्रबंधन समितियों को न केवल स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, बल्कि इससे जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

केवल सिंह पठानिया ने बताया कि इस वर्ष धर्मशाला वन मंडल के अंतर्गत 28 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया गया है, जबकि वर्ष 2026-27 में 149 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि जिन महिला मंडलों अथवा समाजसेवी संस्थाओं द्वारा किए गए पौधारोपण का सर्वाइवल रेट उत्कृष्ट रहेगा, उन्हें एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शाहपुर में वन विभाग का यह पहला सरकारी कार्यालय था। वर्ष 1983 में यहां रेंज ऑफिस स्थापित हुआ था और अब लगभग 112 वर्षों बाद इस कार्यालय को अपना नया भवन प्राप्त हुआ है। इससे पहले यह कार्यालय पुराने भवन में संचालित हो रहा था।

उन्होंने कहा कि एक वर्ष से भी कम समय में यह भवन बनकर तैयार हुआ है, जिसके लिए वन विभाग बधाई का पात्र है। साथ ही उन्होंने इस कार्य हेतु समय पर समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर वन विभाग के डीएफओ अमित शर्मा ने मुख्यातिथि का रेंज ऑफिस भवन के लोकार्पण के लिए आभार व्यक्त किया।

सीसीएफ वासु कौशल ने कहा कि उपमुख्य सचेतक के अथक प्रयासों से ही यह भवन समय पर पूर्ण हो पाया। उन्होंने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना की भी विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया