home page

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के समर्थन में किया धरना-प्रदर्शन, जंतर-मंतर में पुलिस कार्रवाई की निंदा

 | 
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के समर्थन में किया धरना-प्रदर्शन, जंतर-मंतर में पुलिस कार्रवाई की निंदा


मंडी, 18 जुलाई (हि.स.)। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एसएफआई लंबाथाच इकाई द्वारा पर्यावरणविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के समर्थन में महाविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था पर लगातार हो रहे हमलों, नीट पेपर लीक, एनटीए को भंग करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा राजकीय महाविद्यालय लंबाथाच में शिक्षकों की भारी कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एसएफआई के नेताओं ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार संकट में धकेली जा रही है। नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में बार-बार पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। जबकि एनटीए पूरी तरह अपनी विश्वसनीयता खो चुका है।

इकाई अध्यक्ष महेंदर भारद्वाज व इकाई सचिव मनीष ठाकुर ने बताया कि एसफआई ने मांग की है कि एनटीए को तत्काल भंग कर एक पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। वहीं शिक्षा व्यवस्था की इस विफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।एसएफआई ने लंबाथाच इकाई ने महाविद्यालय की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा