कांग्रेस सरकार ने तीन साल में धारा 118 के तहत 1,181 मामलों को दी मंजूरी : भाजपा
शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में जमीन खरीदने और गैर-कृषि उद्देश्यों के लिए जमीन हासिल करने से जुड़े धारा 118 के मामलों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार से जवाब मांगा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा ने दावा किया कि दिसंबर 2025 में विधानसभा में पेश आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस सरकार ने तीन वर्षों में धारा 118 के तहत 1,181 मामलों को मंजूरी दी। इनमें 472 मामले व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियों से संबंधित थे। उन्होंने इन अनुमतियों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है।
राकेश शर्मा ने रविवार को कहा कि अकेले सोलन जिले में धारा 118 के तहत 651 मामलों को मंजूरी दी गई। सरकार स्पष्ट करे कि इन अनुमतियों के तहत कितनी जमीन का आवंटन हुआ, जमीन किन उद्देश्यों के लिए दी गई और इनसे प्रदेश के कितने युवाओं को रोजगार मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योग स्थापित करने के नाम पर आवंटित जमीनों का भू-उपयोग बदलकर रियल एस्टेट गतिविधियों की अनुमति देने संबंधी मामले भी सामने आ रहे हैं। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित 'हिम चंडीगढ़' परियोजना के तहत निजी निवेशकों को जमीन उपलब्ध करवाने की योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को जमीन आवंटन और उसके वास्तविक इस्तेमाल की जानकारी देनी चाहिए।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पीटरहॉफ जैसी ऐतिहासिक संपत्ति को पीपीपी मॉडल पर निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है। पर्यटन विकास निगम की 18 संपत्तियों को लीज पर देने और पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की करीब 1,500 बीघा जमीन के मामले में भी सरकार स्थिति स्पष्ट करे।
उन्होंने मांग की कि दिसंबर 2022 से अब तक धारा 118 के तहत दी गई अनुमतियों, जमीन आवंटन, भू-उपयोग परिवर्तन और सरकारी संपत्तियों की लीज का विस्तृत श्वेतपत्र जारी किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

