home page

स्कूल से घर लौटते समय खाई में गिरी छात्रा, मौत

 | 

शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 13 वर्षीय छात्रा की खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब छात्रा छुट्टी के बाद घर लौट रही थी और रास्ते में उसका पैर फिसल गया।

पुलिस थाना रामपुर को सूचना मिली कि कुमारी कविता (13), निवासी गांव पाट दामिणी, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर 23 फरवरी को स्कूल से घर आते समय गिर गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए महात्मा गांधी मेडिकल सर्विस कॉम्प्लेक्स (एमजीएमएससी) खनेरी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर एएसआई सतविंदर पुलिस टीम के साथ हालात की तस्दीक के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के शव गृह में महिला पुलिस कर्मी की मौजूदगी में परिजनों के सामने छात्रा के शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जांच में छात्रा के शरीर पर गिरने से आई हल्की खरोंचें और अंदरूनी चोटों के संकेत मिले।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव का परीक्षण कराया गया है। मेडिकल अधिकारी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट बाद में देने की बात कही है। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए पिता बिटू राम को सौंप दिया गया।

परिजनों के बयान के अनुसार 23 फरवरी की शाम करीब साढ़े चार बजे कविता अपनी बहन के साथ स्कूल से लौट रही थी। गांव दामिणी में दर्शन दास के मकान के पास रास्ते में उसका पैर फिसल गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 194 बीएनएसएस (2023) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना को हादसा मानते हुए आगे की औपचारिक जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा