स्कूली विद्यार्थियों ने सीखे पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी व्यवसाय के व्यवहारिक गुर
नाहन, 26 फ़रवरी (हि.स.)। सिरमौर जिला में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जरवा जूणेली और संगड़ाह स्कूल के विद्यार्थियों की पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न हो गई।
इस कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं की बारीकियों का प्रैक्टिकल करवा कर गहन प्रशिक्षण दिया गया। इन दोनों पाठशालाओं से आए लगभग 100 विद्यार्थियों को मानव हिल रिसॉर्ट के परिसर में होटल मेनेजमेंट, कुकिंग, हाउसकीपिंग, टेंट मेकिंग, स्वच्छता, बोनफायर, ट्रैकिंग आदि विषयों के प्रैक्टिकल करवा कर पर्यटन व्यवसाय का व्यवहारिक ज्ञान दिया गया।
व्यावसायिक अध्यापक विक्रम ठाकुर ने कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा से हटकर व्यवसायिक प्रशिक्षण देते हुए कहा कि इस व्यवसाय में अच्छी आमद के साथ-साथ सैकड़ो लोगों को रोजगार दिलाया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

