home page

सतलुज नदी में अब मायापुरी से लुहरी तक होगी रिवर राफ्टिंग

 | 
सतलुज नदी में अब मायापुरी से लुहरी तक होगी रिवर राफ्टिंग


शिमला, 07 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सतलुज नदी में रिवर राफ्टिंग की एक नई साइट विकसित करने की तैयारी है। पर्यटन विभाग ने कुमारसैन क्षेत्र में सैंज के पास मायापुरी से लुहरी तक करीब 4 किलोमीटर लंबे नदी मार्ग को रिवर राफ्टिंग के लिए उपयुक्त पाया है। विभाग की ओर से इस मार्ग का निरीक्षण और परीक्षण किया गया। परीक्षण में इसे राफ्टिंग गतिविधियों के संचालन के लिए उपयुक्त माना गया है। नई साइट विकसित होने से शिमला जिले में पर्यटकों को राफ्टिंग का एक और विकल्प मिलेगा।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी शिमला जगदीश शर्मा ने शनिवार को बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से गठित समिति ने सतलुज नदी के इस हिस्से का निरीक्षण किया। समिति में अटल बिहारी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली के निदेशक अविनाश नेगी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल रहे। परीक्षण के दौरान नदी के करीब 4 किलोमीटर लंबे हिस्से को रिवर राफ्टिंग के लिए उपयुक्त पाया गया। इस साइट को विकसित करने से जिले में साहसिक पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने की उम्मीद है।

सतलुज नदी में इससे पहले चाबा से तत्तापानी तक रिवर राफ्टिंग करवाई जा रही है। अब मायापुरी से लुहरी तक नए मार्ग की संभावनाएं सामने आने से इस गतिविधि का दायरा बढ़ सकता है। इससे शिमला आने वाले पर्यटकों को पारंपरिक पर्यटन स्थलों के अलावा नदी में राफ्टिंग का अनुभव भी मिलेगा। खासकर कुमारसैन और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

जगदीश शर्मा के अनुसार वर्तमान में शिमला जिले में रिवर राफ्टिंग के संचालन के लिए चार ऑपरेटर पंजीकृत हैं। नई साइट विकसित होने से राफ्टिंग कारोबार से जुड़े लोगों को काम के नए अवसर मिल सकते हैं। इसके साथ ही होटल, होम स्टे, परिवहन और अन्य आतिथ्य सेवाओं से जुड़े कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ने और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा