home page

जन समस्याओं का घर-द्वार पर निपटान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: विक्रमादित्य सिंह

 | 
जन समस्याओं का घर-द्वार पर निपटान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: विक्रमादित्य सिंह


मंडी, 10 अप्रैल (हि.स.)। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी जिला के सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज ग्राम पंचायत निहरी में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की। क्षेत्र की 9 पंचायतों की 181 शिकायतों एवं समस्याओं का निपटारा इस कार्यक्रम के दौरान किया गया। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में ग्राम पंचायत निहरी, घड़ोई, बजौहण, रोहांडा, सेगल, डुमट बैहली, जरल, बंदली तथा ग्राम पंचायत मरहड़ा बदेहन के लोगों की ओर से लगभग 108 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं। इनमें से 98 का समाधान प्रशासनिक स्तर पर पहले ही कर लिया गया, जबकि आज प्राप्त 83 समस्याओं का मौके पर ही निपटान किया गया, जबकि विभिन्न मांगों को संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जनता की आवाज को सुनने और घर-द्वार पर उनकी समस्याओं का निराकरण करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। इसके लिए सरकार गांव के द्वार, राजस्व लोक अदालतों के आयोजन सहित कई नई पहल की गई हैं।

उन्होंने कहा कि इससे जहां लोगों के रोजमर्रा की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित हो रहा है, वहीं विभिन्न विभागीय प्रदर्शनियों एवं सेवा केंद्रों के माध्यम से उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दिव्यांगता सहित अन्य प्रमाण पत्र व विविध सेवाएं घर के समीप ही उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आज यहां प्रस्तुत समस्याओं एवं मांगों में अधिकांश लोक निर्माण विभाग, राजस्व, वन, बिजली बोर्ड, स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग इत्यादि से संबंधित रही हैं, जिनके निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित विभागों को जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने निहरी के ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेहद शालीन एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में आज का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसके लिए समस्त जनता व अधिकारी सराहना के पात्र हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि यहां प्रस्तुत एक-एक मामले पर पूरी गंभीरता से संज्ञान लिया गया है और वे स्वयं भी इनकी प्रगति की निगरानी करेंगे।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ने को विभाग प्राथमिकता प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि निहरी के लिए पंडार होकर आने वाली मुख्य सड़क का कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 के तहत किया जा रहा है और इसी माह से यह कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्धारित समय अवधि में यह कार्य मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे स्वेच्छा से भूमिदान कर विकास में सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि ऐसे भूमिदाताओं के नाम पर सड़क का नामकरण करने का मामला वे मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा