home page

एसपीयू द्वारा सतत पशु आहार उत्पादन एवं अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

 | 

मंडी, 09 अप्रैल (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी द्वारा राष्ट्रीय हिमालय अध्ययन मिशन के अंतर्गत जिला कुल्लू के हुरला में सतत पशु आहार उत्पादन एवं अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में सतत विकास को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र अनेक गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है, जिनमें पशु आहार की कमी, अपशिष्ट का उचित प्रबंधन तथा किसानों की आय में वृद्धि प्रमुख हैं।

उन्होंने बताया कि जैव-विद्युत रासायनिक प्रणालियां इन समस्याओं का प्रभावी समाधान प्रस्तुत करती हैं।

प्रोफेसर अवस्थी ने आगे कहा कि इस तकनीक के माध्यम से जैविक कचरे और अपशिष्ट जल को उपयोगी संसाधनों में परिवर्तित किया जा सकता है, जैसे ऊर्जा, जैव उर्वरक तथा प्रोटीन युक्त पशु आहार। इससे न केवल पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि किसानों की लागत भी घटेगी और आय के नए अवसर विकसित होंगे।

उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों को अपनाएं तथा वैज्ञानिकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ऐसी आधुनिक तकनीकें कचरे को संसाधन में बदलकर किसानों को आत्मनिर्भर बना सकती हैं

कार्यशाला के उद्देश्य किसानों एवं ग्रामीण समुदाय में अपशिष्ट से संपदा की अवधारणा के प्रति जागरूकता बढ़ाना जैव-विद्युत रासायनिक प्रणालियों के माध्यम से अपशिष्ट जल उपचार का प्रदर्शन करना, जैविक कचरे से प्रोटीन युक्त पशु आहार उत्पादन को प्रोत्साहित करना,

सतत अपशिष्ट प्रबंधन पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना, किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर विकसित करना शामिल रहा।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने तकनीकी जानकारी साझा की, जिनमें डॉ. लखवीर सिंह (राष्ट्रीय हिमालय अध्ययन मिशन परियोजना के प्रधान अन्वेषक), डॉ. दुर्गा माधव महापात्रा तथा डॉ. सनील ठाकुर शामिल रहे। उन्होंने बताया कि यह तकनीक अपशिष्ट जल को शुद्ध करने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा, जैव उर्वरक तथा पशु आहार तैयार करने में सहायक है, जो विशेष रूप से हिमालयी क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा