पंचायतीराज संस्थाओं में भाजपा की जीत 2027 में कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का जमीनी संदेश : जयराम ठाकुर
मंडी, 13 जुलाई (हि.स.)। मंडी के विपाशा सदन में द्रंग के विधायक पूर्णचंद ठाकुर की ओर से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेताप्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बतौर मुख्यअतिथि मौजूद रहे। इस समारोह में द्रंग विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित पंचायतीराज संस्थाओं के भाजपा से संबंधित जन प्रतिनिधियों जिला परिषद सदस्य, बीडीसी के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पंचायत प्रधान, उप प्रधान एवं वार्ड पंचों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
मुख्यअतिथि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नव निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ,बीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों को मफलर टोपी पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान कांग्रेस छोड़कर 17 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिनका जयराम ठाकुर ने स्वागत किया । इस अवसर पर उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जनप्रतिनिधि संगठन की विचारधारा तथा जनसेवा के संकल्प के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास व जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के नाते जो जिम्मेदारी मिली है उसे बेहतर ढंग से निभाएं। उन्होंने कहा कि नेता बनने के बाद दिमाग में यह बात आ जाती है कि हम अपने हिसाब से काम करेंगे। लेकिन आपको जनता के हिसाब से भी काम करना होगा, क्योंकि जनता ने आपको चुना है। जयराम ने कहा कि इस चुनाव के लिए भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट तक लंबी लड़ाई लड़ी है, जबकि कांग्रेस की सुक्खू सरकार ने लोकतंत्र को कुचलने और छह महीने तक कामकाज रोकने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में 70 प्रतिशत जनप्रतिनिधि भाजपा के जीते हैं ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बहुमत से डरे हुए हैं और जनादेश को प्रभावित करने के लिए धनबल व सत्ता का डर दिखाकर जीते हुए प्रतिनिधियों को खरीदने का असफल प्रयास कर रहे हैं, जिससे उनमें भारी हताशा है। उन्होंने स्थानीय निकायों के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा तीन नगर निगम बनाने में कामयाब रही जबकि कांग्रेस केवल पालमपुर जीत सकी। मंडी जिला में भाजपा ने 36 में से 29 सदस्य जीते जबकि कांग्रेस मात्र चार पर सिमट गई वहीं 12 में से पांच जगह भाजपा ने जिला परिषद बनाई जबकि कांग्रेस सिर्फ एक जगह बना पाई और बाकी छह जगह चुनाव टाले जा रहे हैं।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मंडी जिला की सभी दस सीटें जीतकर कांग्रेस का पूरी तरह सफाया करने का आह्वान करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्यकाल में मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर की पूरी तरह अनदेखी कर काम ठप्प किए गए हैं और सरकार सिर्फ नादौन में काम कर रही है, जहां मुख्यमंत्री खुद जिला परिषद की चार में से मात्र एक सीट जीत पाए और भाजपा ने तीन सीटें जीतीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

