home page

सहयोग विशेष बच्चों का विद्यालय, नगचला में विश्व नशा निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
सहयोग विशेष बच्चों का विद्यालय, नगचला में विश्व नशा निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


मंडी, 27 जून (हि.स.)। विश्व नशा निषेध दिवस के अवसर पर सहयोग विशेष बच्चों का विद्यालय, नगचला में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 42 विशेष बच्चों एवं 15 स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सचिव डॉ. एन. के. शर्मा ने बच्चों को विशेष रूप से चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी तथा सभी को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सभी बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों ने एंटी चिट्टा नशा विरोधी शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे, समाज को नशे के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देंगे। कार्यक्रम के दौरान नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो – चिट्टा मुक्त समाज बनाओ का नारा भी लगाया गया।

प्रभारी गीता पुरोहित ने बताया कि नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। विशेषकर बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समय-समय पर जागरूक करना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सहयोग संस्थान भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा