home page

सोलन में आर.एस. बाली करेंगे ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता

 | 
सोलन में आर.एस. बाली करेंगे ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता


सोलन, 13 अप्रैल (हि.स.)। सोलन जिले में 15 अप्रैल को ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तथा हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर एस बाली करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी।

उपायुक्त ने बताया कि समारोह के मुख्यातिथि आर.एस. बाली कार्यक्रम की शुरुआत शहीदी स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से करेंगे। इसके बाद वे सुबह लगभग 11 बजे ठोडो मैदान में ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण के साथ ही जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत होगी।

उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान पुलिस और गृह रक्षक जवानों के साथ-साथ एनसीसी, एनएसएस के छात्र-छात्राओं और विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जो हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाएंगे।

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे ठोडो मैदान पहुंचकर हिमाचल दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में भाग लें और कार्यक्रम का आनंद उठाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक एकता और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा