home page

नाहन शहर में हुए हिंसक घटनाक्रम के बाद बदला वाल्मीकि शोभायात्रा का रूट, ड्रोन से होगी निगरानी

 | 

नाहन, 24 अक्टूबर (हि.स.)। नाहन में गत शुक्रवार को हुए हिंसक घटनाक्रम के बाद रविवार को निकलने वाली वाल्मीकि की शोभायात्रा का रूट बदल दिया गया है। जिला प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया है। शोभायात्रा के दौरान पुलिस और रिजर्व बटालियन के जवान तैनात रहेंगे। इस दौरान ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। उधर, प्रशासन की मौजूदगी में हुई बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख लोगों ने शुक्रवार की घटना पर खेद जताया और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।

गोबिंदगढ़ मोहल्ले के लोगों ने पहले की तरह शोभायात्रा को अपने मोहल्ले से ले जाने का निमंत्रण भी दिया, जिस पर वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने सहमति जताई थी, लेकिन सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था के मद्देनजर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने शोभायात्रा का रूट बदलने के निर्देश जारी किए।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि नाहन शहर धार्मिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। शुक्रवार की घटना के बाद दोनों समुदायों ने शांति बनाए रखने पर सहमति जताई है। फिर भी किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए शोभायात्रा का मार्ग बदलने का निर्णय लिया गया है।

शुक्रवार दोपहर श्री वाल्मीकि चौक पर हुई पथराव की घटना के बाद पुलिस ने रात को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच कर रही है। इसके जरिए पथराव करने, वाल्मीकि चौक को नुकसान पहुंचाने, पुलिस पर पथराव करने और शहर का माहौल बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पुलिस के साथ रिजर्व बटालियन के जवान तैनात रहेंगे और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। एएसपी ने लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों और उकसावे से दूर रहने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने सभी समुदायों से एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने का आग्रह भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर