home page

मंडी नगर निगम के आरक्षण रोस्टर : मेयर समेत कई दिग्गज पार्षदों के वार्ड महिलाओं के लिए हुए आरक्षित

 | 
मंडी नगर निगम के आरक्षण रोस्टर : मेयर समेत कई दिग्गज पार्षदों के वार्ड महिलाओं के लिए हुए आरक्षित


मंडी, 01 अप्रैल (हि.स.)। शिमला के बाद प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी नगर निगम मंडी का आरक्षण रोस्टर जारी हो गया और इसमें कई दिग्गजों की मंसूबों पर पानी फेर दिया है। 15 में से 6 वार्डों 6 सन्यारड़, 7 तल्याड़, 9 पैलेस कालोनी दो, 10 सूहड़ा, 14 बैहना व 15 दौहंदी को ही यथास्थिति रखा गया है बाकी सबका आरक्षण बदलाव हो गया है। इसमें अनुसार वार्ड नंबर 1 खलियार, 7 तल्याड़, 9 पैलेस कालोनी, 11 समखेतर व 12 भगवाहन ही अनारक्षित रखे गए हैं जबकि पुरानी मंडी जहां से वर्तमान महापौर वीरेंद्र कुमार भट्ट पार्षद हैं, के साथ साथ पड्डल, नेला, मंगवाई, पैलेस कालोनी दो व थनेहड़ा जो पूर्व महापौर दीपाली जसवाल के वार्ड को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। सूहड़ा व दौहंदी अनुसूचित जाति की महिलाओं तथा सन्यारड़ व बैहना पहले की तरह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए हैं। रोचक यह है कि 15 वार्डों वाली मंडी नगर निगम में वर्तमान में 11 पार्षद भाजपा व 4 कांग्रेस के हैं।

कांग्रेस पार्षदों वाले 3 वार्डों खलियार, नेला, मंगवाई में बदलाव करके इनमें रास्ते बंद कर दिए गए हैं जबकि 15 दौहंदी को ही पहले की तरह रखा गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत पुरानी मंडी वार्ड नंबर 2 से महापौर वीरेंद्र भट्ट को आएगी। चुनाव लड़ना होगा तो उन्हें दूसरा वार्ड तलाश करना होगा।

इसी तरह से चर्चित व सबसे सक्रिय पार्षद नेला 4 के राजेंद्र मोहन व 5 मंगवाई से योग राज योगा का वार्ड भी महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया गया है। उन्हें भी नया ठिकाना देखना होगा या घर बैठना पड़ेगा। उपमहापौर माधुरी कपूर का वार्ड भी अब ओपन हो गया है और ऐसा लगता है कि अब उनके पति अनिल कपूर जो नगर परिषद में पार्षद व उपाध्यक्ष रह चुके हैं, भाग्य आजमाएंगे। वार्ड 8 पैलेस के हरदीप सिंह राजा का वार्ड भी महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया गया है।

वर्तमान पार्षदों की बात करें तो केवल वार्ड एक ओपन से अलकनंदा हांडा, 5 से वीरेंद्र आर्य, 6 तल्याड़ से सुदेश कुमारी, 9 से सुमन ठाकुर, 10 से नेहा कुमारी, 11 से निर्मल वर्मा, 12 से माधुरी कपूर, 13 से दीपाली जसवाल, 14 से कृष्ण भानु व 15 से अंजया कुमारी ही चुनाव लड़ सकती हैं। वर्तमान पार्षदों वीरेंद्र भट्ट, सोमेश उपाध्याय, राजेंद्र मोहन, योग राज योगा, हरदीप सिंह राजा आरक्षण की चपेट में आ गए हैं और इन्हें या तो नया वार्ड देखना होगा या फिर अपने खास को जो आरक्षण में फिट बैठता हो को मैदान में उतारना पड़ेगा। ऐसे में अब नगर निगम का चुनाव बेहद रोचक स्थिति में पहुंचने वाला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा