home page

रोहड़ू नगर परिषद चुनाव : दोपहर तक 65 फीसदी मतदान, 106 वर्षीय बुजुर्ग ने डाला वोट

 | 
रोहड़ू नगर परिषद चुनाव : दोपहर तक 65 फीसदी मतदान, 106 वर्षीय बुजुर्ग ने डाला वोट


शिमला, 22 मई (हि.स.)। जिला शिमला के रोहड़ू नगर परिषद चुनाव में शुक्रवार को मतदान ने दोपहर तक तेज रफ्तार पकड़ ली। सुबह धीमी शुरुआत के बाद दोपहर 1 बजे तक 65.12 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और मतदाता लगातार मतदान केंद्रों की ओर पहुंचते रहे। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के बीच मुकाबला माना जा रहा है। रोहड़ू नगर परिषद में कुल 9 वार्ड हैं और मतगणना आज शाम को ही करवाई जाएगी।

इस चुनाव में बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह खास चर्चा का विषय बना रहा। वार्ड नंबर 1 दशालनी के 106 वर्षीय मतदाता साधु राम ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनके मतदान के प्रति उत्साह को देखकर वहां मौजूद लोग भी प्रभावित हुए। पीठासीन अधिकारी ने साधु राम को आभार पत्र भेंट कर सम्मानित किया और लोकतंत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

इसके अलावा कई वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग मतदाता और पहली बार मतदान करने वाले युवा भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से विशेष श्रेणी के मतदाताओं को सम्मानित करने की पहल भी की गई। पहली बार मतदान करने वाली मतदाता मिस दीक्षा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं खराब स्वास्थ्य के बावजूद मतदान करने पहुंचीं 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को भी सम्मान पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला पोलिंग पार्टियों और मतदान कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

रोहड़ू को छोड़कर हिमाचल प्रदेश के अन्य 51 शहरी निकायों में मतदान 17 मई को हो चुका है। इनमें मंडी, सोलन, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों की मतगणना 31 मई को होगी, जबकि अन्य नगर परिषदों और नगर पंचायतों के परिणाम 17 मई को ही घोषित कर दिए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा